---Advertisement---

घट स्थापना और अन्नपूर्णा यात्रा के साथ बिरसिंहपुर पाली में नवरात्र महोत्सव शुरू

Tapas Gupta

By Tapas Gupta

Published on:

---Advertisement---

घट स्थापना और अन्नपूर्णा यात्रा के साथ बिरसिंहपुर पाली में नवरात्र महोत्सव शुरू

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

शारदीय नवरात्र महोत्सव की शुरुआत उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली स्थित ऐतिहासिक मां बिरासिनी शक्तिपीठ में पूरे उत्साह और आस्था के साथ हो गई है। पहले दिन सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच घट स्थापना और जवारा बोया गया। मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा और भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।

प्रशासनिक अधिकारियों ने किए दर्शन

नवरात्र के पहले दिन कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन, अपर कलेक्टर अभय सिंह और एसडीएम अंबिकेश ने मंदिर पहुंचकर माता की पूजा-अर्चना की। अधिकारियों ने जिले की खुशहाली और शांति की प्रार्थना की। उनकी मौजूदगी से मंदिर समिति और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा।

सुरक्षा और सुविधाओं की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सख्त सुरक्षा इंतजाम किए हैं। मंदिर और आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पुलिस बल तैनात किया गया है। नगर परिषद, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। पानी, प्रकाश, साफ-सफाई और चिकित्सा की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

भक्ति से सराबोर माहौल

मंदिर परिसर में महिलाओं ने डोल-ढोल की थाप पर जयकारे लगाए। बच्चे और बुजुर्ग भी दर्शन के लिए कतारों में नजर आए। श्रद्धालुओं का कहना है कि मां बिरासिनी के दरबार में हाजिरी लगाने से जीवन की परेशानियां दूर होती हैं और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

अन्नपूर्णा यात्रा और भंडारा

मानविरासनी सेवा समिति की ओर से अन्नपूर्णा यात्रा निकाली गई। यात्रा मंदिर के गेट नंबर 3 से शुरू होकर नगर भ्रमण करती हुई वापस मंदिर पहुंची। यहां मां बिरासिनी को भोग अर्पित कर भव्य भंडारे की शुरुआत की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

नौ दिनों तक धार्मिक आयोजन

नवरात्र के दौरान प्रतिदिन विशेष पूजा, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। नवमी पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। नवरात्र की शुरुआत के साथ ही बिरसिंहपुर पाली में धार्मिक रौनक और उत्सव का माहौल चरम पर है।

Tapas Gupta

Tapas Gupta

मै तपस गुप्ता 9 सालों से लगातार पत्रकारिता मे सक्रिय हूं, समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता है। मो-7999276090

---Advertisement---
Share & Earn