Sidhi news:आदिवासी बालक छात्रावास भुईमांड की पोल खुली,गंदगी, पेयजल और बिजली तक नदारद, प्रशासन सख्त
कुसमी (सीधी)।
Sidhi news:जिले के आदिवासी अंचल कुसमी अंतर्गत आदिवासी बालक सीनियर छात्रावास भुईमांड में शुक्रवार शाम प्रशासनिक निरीक्षण के दौरान गंभीर लापरवाही उजागर हुई है। निरीक्षण में छात्रावास की बदहाल स्थिति सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए हॉस्टल अधीक्षक को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शुक्रवार को शाम करीब 4:30 बजे किए गए इस निरीक्षण में छात्रावास परिसर में भारी गंदगी, पेयजल की कोई समुचित व्यवस्था नहीं, कमरों में बल्ब तक नहीं लगे होने, तथा बुनियादी सुविधाओं के अभाव जैसी कई गंभीर कमियां पाई गईं। निरीक्षण दल ने पाया कि जिन बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए छात्रावास संचालित किया जा रहा है, उन्हें न्यूनतम सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं।
Sidhi news:मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम कुसमी वी.के. आनंद ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एसी ट्राइबल जोधा सिंह उइके को निर्देशित किया है कि वे कल सीईओ ट्राइबल रबृजेन्द्र बुनकर के समक्ष ऑफिस टूर डायरी एवं साक्ष्यों के साथ उपस्थित हों। सीईओ ट्राइबल से यह स्पष्ट करने को कहा जाएगा कि पिछले तीन महीनों में किन-किन छात्रावासों का निरीक्षण किया गया और भुईमांड छात्रावास की स्थिति पर समय रहते संज्ञान क्यों नहीं लिया गया।
इस पूरे प्रकरण में हॉस्टल अधीक्षक सूर्य प्रताप सिंह को जिम्मेदार मानते हुए उन्हें आज ही नोटिस जारी किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से यह संकेत दिए गए हैं कि संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में आगे कठोर विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है।
गौरतलब है कि कुसमी क्षेत्र आदिवासी बहुल अंचल है और यहां संचालित छात्रावासों की स्थिति सीधे तौर पर आदिवासी बच्चों की शिक्षा और भविष्य से जुड़ी हुई है। ऐसे में छात्रावास में इस स्तर की अव्यवस्थाएं प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े करती हैं।
प्रशासन का कहना है कि मामले की पूरी जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में आदिवासी छात्रों के साथ इस तरह की लापरवाही दोहराई न जा सके।
