---Advertisement---

बच्चा चोरी की अफवाहों से दहशत, पुलिस बोली एक भी मामला दर्ज नहीं

Tapas Gupta

By Tapas Gupta

Published on:

---Advertisement---

उमरिया-शहडोल में बच्चा चोरी की अफवाहों से दहशत, पुलिस बोली एक भी मामला दर्ज नहीं

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

उमरिया सहित आसपास के जिलों में इन दिनों बच्चा चोरी की अफवाहों ने लोगों के बीच अनावश्यक डर का माहौल बना दिया है। सोशल मीडिया पर लगातार ऐसे मैसेज और वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें बच्चों के अपहरण की घटनाओं का दावा किया जा रहा है। हालांकि पुलिस प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि जिले में ऐसी कोई भी घटना सामने नहीं आई है।

हाल ही में एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि शहडोल में एक महिला को बच्चा चोरी करते हुए पकड़ा गया। वीडियो को कई व्हाट्सऐप ग्रुप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। लेकिन जब इस वीडियो की पड़ताल की गई तो सच्चाई कुछ और निकली। जांच में सामने आया कि वीडियो भ्रामक था और बच्चा चोरी से उसका कोई संबंध नहीं था।

इसी तरह उमरिया और पाली क्षेत्र में भी अफवाहों ने तेजी पकड़ी। कई जगहों पर बाहरी लोगों को शक की नजर से देखा जाने लगा। कुछ ग्रामीण इलाकों में तो अजनबियों से पूछताछ तक की खबरें सामने आईं। हालांकि प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

पाली के एसडीओ शिव चरण बोहित मोहित ने स्पष्ट किया कि उनके संज्ञान में बच्चा चोरी का कोई भी मामला नहीं आया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना पुष्टि किए किसी भी खबर को आगे न बढ़ाएं। अफवाहें न सिर्फ माहौल खराब करती हैं, बल्कि निर्दोष लोगों के लिए परेशानी का कारण भी बन सकती हैं। पुलिस लगातार सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए है और भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

वहीं उमरिया के एसडीओपी पुन्नू सिंह परस्ते ने भी कहा कि जिले में इस तरह की कोई घटना दर्ज नहीं की गई है।

अफवाहों का असर यह हुआ है कि अभिभावक बच्चों को लेकर अतिरिक्त सतर्क हो गए हैं। स्कूलों के बाहर और बाजारों में भी चर्चा का विषय यही बना हुआ है। हालांकि सतर्क रहना जरूरी है, लेकिन बिना आधार की खबरों पर भरोसा करना समाज में अनावश्यक भय और तनाव पैदा करता है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि नजदीकी थाने या पुलिस अधिकारियों से करें। सोशल मीडिया पर आई हर जानकारी सही हो, यह जरूरी नहीं। जिम्मेदार नागरिक होने के नाते अफवाहों को रोकना हम सभी की जिम्मेदारी है।

फिलहाल पुलिस ने साफ कर दिया है कि उमरिया और आसपास के जिलों में बच्चा चोरी की कोई घटना नहीं हुई है। ऐसे में जरूरत है कि लोग अफवाहों से बचें और शांति बनाए रखें।

Tapas Gupta

Tapas Gupta

मै तपस गुप्ता 9 सालों से लगातार पत्रकारिता मे सक्रिय हूं, समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता है। मो-7999276090

---Advertisement---
Share & Earn