सीधी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल,कुसमी sdm विकास कुमार आनंद बने चुरहट के एसडीएम, चुरहट कुसमी और सिहावल में भी तबादला
सीधी जिले में प्रशासनिक कार्य व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर द्वारा बड़े स्तर पर अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। सोमवार को जारी आदेश के तहत कई एसडीएम और प्रशासनिक अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। इस फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार सिहावल की एसडीएम सुश्री प्रिया पाठक का स्थानांतरण करते हुए उन्हें नगर पालिका परिषद सीधी का मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) पद पर पदस्थ किया गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि नगर पालिका परिषद सीधी में प्रशासनिक कार्यों को और अधिक व्यवस्थित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
इसके अलावा प्रशासनिक फेरबदल के तहत चुरहट के एसडीएम शैलेश द्विवेदी का स्थानांतरण करते हुए उन्हें एसडीएम कुसमी बनाया गया है। वहीं कुसमी में पदस्थ एसडीएम विकास कुमार आनंद को अब एसडीएम चुरहट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस अदला-बदली को प्रशासनिक अनुभव के बेहतर उपयोग के रूप में देखा जा रहा है।
वहीं गोपाल बनास के एसडीएम राकेश शुक्ला को उनके वर्तमान पद के साथ-साथ सिहावल एसडीएम का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इस व्यवस्था के तहत वे दोनों क्षेत्रों की प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह तबादले प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने और जनहित को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करें और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
प्रशासनिक हलकों में इस आदेश को लेकर काफी चर्चा है। माना जा रहा है कि इन बदलावों से जिले की प्रशासनिक व्यवस्था में नई ऊर्जा आएगी और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी। साथ ही विकास कार्यों को भी गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

