दोस्तों के साथ नहाने गया युवक बांध में लापता
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के उमरार बांध में गुरुवार को एक युवक के लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया। खलेसर गांव निवासी शुभम सोनी (18 वर्ष) अपने तीन दोस्तों के साथ उमरार बांध घूमने और नहाने के लिए गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। घटना के बाद उसके साथ मौजूद दोस्तों ने तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। पुलिस और रेस्क्यू टीम द्वारा बांध में लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक शुभम का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

बताया जाता है कि चारों युवक बांध में नहा रहे थे। इसी दौरान शुभम गहरे पानी में चला गया। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में लापता हो गया। घटना के बाद उसके दोस्त सदमे में हैं और लगातार रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही शुभम के परिजन भी उमरार बांध पहुंच गए। बेटे के लापता होने की खबर से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए और युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद में रेस्क्यू अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी ने बताया कि उमरार बांध में एक युवक के डूबने की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस द्वारा तत्काल तलाश शुरू कर दी गई है। अभी तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया है और रेस्क्यू टीम की सहायता से लगातार खोजबीन जारी है।
कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में बांध, नदी और अन्य जलाशयों में नहाने के दौरान विशेष सावधानी बरतें। जलस्तर बढ़ने और गहराई का सही अनुमान नहीं लग पाने के कारण ऐसे हादसे हो सकते हैं। फिलहाल शुभम सोनी की तलाश जारी है और पुलिस मामले की हर पहलू से निगरानी कर रही है।


