सरकारी गोदाम के सामने अतिक्रमण से बढ़ा विवाद, समिति प्रबंधक ने एसडीएम से लगाई गुहार
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित घुनघुटी के गोदाम एवं रिकॉर्ड रूम के सामने हुए कथित अतिक्रमण का मामला प्रशासन तक पहुंच गया है। समिति के प्रबंधक धनेंद्र प्रसाद शुक्ला ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) पाली को शिकायत सौंपकर आरोप लगाया है कि संस्था के चौकीदार की मिलीभगत से सरकारी परिसर के सामने अतिक्रमण किया गया है। उन्होंने इसे संस्था की सुरक्षा और किसानों के हितों से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, प्रबंधक 20 जून 2026 से अमिलिहा गोदाम में किसानों को खाद एवं बीज वितरण के कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान गोदाम और रिकॉर्ड रूम के सामने अतिक्रमण कर लिया गया। उनका आरोप है कि चौकीदार संतोष बैगा ने इस संबंध में उन्हें कोई सूचना नहीं दी। आवेदन में यह भी उल्लेख है कि चौकीदार के भाई की लड़की द्वारा बिहार से एक युवक को लाकर अतिक्रमण कराया गया।
प्रबंधक ने बताया कि वर्ष 2017 में भी इसी स्थान पर अतिक्रमण हुआ था, जिसे तत्कालीन तहसीलदार ने हटवा दिया था। इसके बावजूद दोबारा कब्जा होने से संस्था की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि संबंधित लोगों को संस्था की गतिविधियों की पूरी जानकारी है, जिससे कर्मचारियों की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है।
शिकायत में प्रशासन से मांग की गई है कि सार्वजनिक उपयोग की भूमि और भवन को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि किसानों को खाद-बीज वितरण सहित अन्य कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। शिकायत की प्रतियां प्रशासक, सहायक आयुक्त सहकारिता और थाना प्रभारी को भी भेजी गई हैं।
इधर, घुनघुटी के पटवारी धेनू प्रजापति ने बताया कि मामले का प्रतिवेदन तैयार कर तहसील कार्यालय भेज दिया गया है और प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। अब क्षेत्रवासियों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।


