NSUI का वोट चोरी विरोधी अभियान, उमरिया से छात्रों ने राष्ट्रपति को भेजे पोस्टकार्ड
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने जिले में वोट चोरी के खिलाफ जोरदार पहल की है। राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे के निर्देश पर शुक्रवार को उमरिया में विशेष अभियान चलाया गया, जिसकी कमान जिला अध्यक्ष मो. असलम शेर ने संभाली।
अभियान के तहत महाविद्यालय और कंप्यूटर कॉलेज में छात्रों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। बड़ी संख्या में छात्रों ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम पोस्टकार्ड लिखे, जिनमें उन्होंने साफ कहा कि वे वोट चोरी के खिलाफ खड़े हैं और लोकतंत्र की रक्षा के लिए न्याय की उम्मीद करते हैं। छात्रों ने यह भी मांग की कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए कांग्रेस को डिजिटल वोटर लिस्ट उपलब्ध कराई जाए।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष मो. असलम शेर ने कहा कि लोकतंत्र को सुरक्षित रखना केवल नेताओं की नहीं बल्कि हर छात्र और नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि देश का युवा अब यह संदेश देना चाहता है कि वोट चोरी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर जनता का वोट सुरक्षित नहीं रहेगा तो लोकतंत्र कमजोर हो जाएगा।
असलम शेर ने आगे कहा कि छात्रों द्वारा राष्ट्रपति को भेजे गए पोस्टकार्ड इस बात का सबूत हैं कि नई पीढ़ी अब जाग चुकी है। राहुल गांधी के समर्थन और डिजिटल वोटर लिस्ट की मांग छात्रों की सजगता और लोकतंत्र के प्रति विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल उमरिया तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिले के हर कॉलेज और छात्र तक ले जाकर लोकतंत्र बचाने की आवाज को और बुलंद किया जाएगा।
अभियान में शामिल छात्रों ने भी साफ कहा कि वोट चोरी लोकतंत्र और संविधान दोनों के लिए खतरा है। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि वे पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की लड़ाई में उनके साथ हैं।
इस कार्यक्रम में NSUI जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कांत तिवारी, कॉलेज अध्यक्ष आकाश द्विवेदी, शुभम महोबिया, हर्ष तिवारी, रिषभ महोबिया, सचिन चौधरी, रचना यादव, पल्लवी असाटी, सुमित सेन, अनिल कुमार, राजेश सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे और अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिया।
NSUI का यह अभियान जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। संगठन का कहना है कि आने वाले दिनों में यह मुहिम और बड़े स्तर पर चलाई जाएगी ताकि युवाओं की आवाज प्रदेश और देश तक गूंज सके।