गैस बुकिंग ठप, उमरिया से पाली तक हाहाकार, सिलेंडर के लिए एजेंसियों के चक्कर काट रहे उपभोक्ता
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले में घरेलू गैस वितरण व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह चरमरा गई है। गैस बुकिंग की प्रक्रिया प्रभावित होने से उमरिया जिला मुख्यालय के साथ-साथ बिरसिंहपुर पाली में भी उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फोन पर बुकिंग नहीं लगने और सर्वर में तकनीकी दिक्कत के कारण लोग एजेंसियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
उमरिया जिला मुख्यालय में गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। हालात ऐसे हो गए कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी मशक्कत करना पड़ रहा है।कई उपभोक्ता तीन से चार दिनों से सिलेंडर के लिए एजेंसी पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
जिले में कुल 12 गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जाती है, लेकिन जिला मुख्यालय की दो प्रमुख एजेंसियों में सबसे ज्यादा अव्यवस्था देखने को मिल रही है। एनएच-43 स्थित चपहा की एचपी गैस एजेंसी में सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं और घंटों इंतजार के बाद भी कई लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा।
एक उपभोक्ता ने बताया कि वह लगातार दो दिनों से एजेंसी आ रहा है, लेकिन अभी तक सिलेंडर नहीं मिल पाया है और घर में गैस खत्म हो चुकी है। वहीं मुकेश प्रजापति ने बताया कि वह तीन दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
उधर उमरिया की इंडेन गैस एजेंसी में भी उपभोक्ताओं को इसी तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिरसिंहपुर पाली क्षेत्र के उपभोक्ताओं का भी कहना है कि गैस बुकिंग के लिए फोन नहीं लग रहा है, जिससे समस्या और बढ़ गई है।
एजेंसी ऑपरेटर का कहना है कि सर्वर में तकनीकी समस्या आने के कारण गैस बुकिंग और वितरण दोनों प्रभावित हुए हैं। तकनीकी दिक्कत दूर होने के बाद व्यवस्था सामान्य होने की बात कही जा रही है, लेकिन फिलहाल उमरिया और पाली क्षेत्र के उपभोक्ताओं की परेशानी कम होती नजर नहीं आ रही।


