---Advertisement---

गैस संकट की आंच अब होटलों तक, सिलेंडर न मिलने से उमरिया के होटल संचालकों में बढ़ी चिंता

Tapas Gupta

By Tapas Gupta

Published on:

---Advertisement---

गैस संकट की आंच अब होटलों तक, सिलेंडर न मिलने से उमरिया के होटल संचालकों में बढ़ी चिंता

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

जिले में घरेलू गैस की किल्लत के बाद अब इसका असर होटल और ढाबा संचालकों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। व्यावसायिक (कॉमर्शियल) एलपीजी सिलेंडर समय पर नहीं मिलने से कई होटल संचालक चिंता में हैं और किसी तरह काम चलाने की कोशिश कर रहे हैं।

जिले के कई होटल संचालकों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि फिलहाल जैसे-तैसे सिलेंडर का इंतजाम कर होटल चलाए जा रहे हैं, लेकिन स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। अगर जल्द ही गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में उमरिया के कई होटल बंद होने की नौबत आ सकती है।

कुछ होटल संचालकों का कहना है कि रोजाना सैकड़ों लोगों के लिए खाना बनाना पड़ता है, ऐसे में एक या दो सिलेंडर से काम चलाना मुश्किल हो जाता है। गैस एजेंसियों पर बार-बार चक्कर लगाने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। मजबूरी में कुछ संचालक अब पुराने तरीके अपनाते हुए लकड़ी का जुगाड़ कर रहे हैं ताकि होटल की रसोई किसी तरह चलती रहे।

दरअसल, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित होने की खबरें सामने आ रही हैं। पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण वैश्विक सप्लाई चेन पर असर पड़ा है, जिसका प्रभाव भारत में भी देखने को मिल रहा है। कई बड़े शहरों जैसे मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई में भी होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को कॉमर्शियल गैस सिलेंडर मिलने में परेशानी हो रही है। कुछ जगहों पर होटल बंद करने पड़े हैं तो कई स्थानों पर सीमित मेनू के साथ काम चलाया जा रहा है।

उमरिया जिले के होटल संचालकों का कहना है कि अगर यही हाल रहा तो स्थानीय स्तर पर भी होटल व्यवसाय प्रभावित हो सकता है। इससे न सिर्फ कारोबारियों को नुकसान होगा बल्कि रोज होटल पर निर्भर रहने वाले ग्राहकों और मजदूर वर्ग को भी परेशानी उठानी पड़ेगी।

होटल संचालकों ने प्रशासन और गैस कंपनियों से मांग की है कि व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति जल्द से जल्द सुचारु की जाए, ताकि जिले में होटल व्यवसाय सामान्य रूप से चलता रहे और लोगों को किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

Tapas Gupta

Tapas Gupta

मै तपस गुप्ता 9 सालों से लगातार पत्रकारिता मे सक्रिय हूं, समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता है। मो-7999276090

---Advertisement---
यह भी पढ़ें Sidhi news:कुसमी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14 गांजा के हरे पौधे जप्त — एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
Sidhi news:कुसमी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14 गांजा के हरे पौधे जप्त — एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

सीधी जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुसमी पुलिस...

Share & Earn